महुआ सीट पर सुलह: कुशवाहा को MLC की पेशकश, एनडीए में राहत

महुआ सीट पर सुलह: कुशवाहा को MLC की पेशकश, एनडीए में राहत

बिहार विधानसभा चुनाव 2025: एनडीए में सीट बंटवारे को लेकर जारी खींचतान के बीच भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा को मना लिया है। महुआ विधानसभा सीट को लेकर चल रही तनातनी अब थमती दिख रही है। सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद कुशवाहा ने महुआ सीट पर अपना दावा छोड़ दिया है। इसके बदले में रालोमो को एक अन्य विधानसभा सीट और एक विधान परिषद (एमएलसी) सीट देने पर सहमति बनी है।

बुधवार सुबह केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय उपेंद्र कुशवाहा को दिल्ली ले गए थे, जहां उनकी अमित शाह से मुलाकात कराई गई। इस मुलाकात के बाद शाम को कुशवाहा पटना लौट गए। हालांकि, उपेंद्र कुशवाहा ने मीडिया से बातचीत में सीधे तौर पर किसी सहमति की पुष्टि नहीं की है। उन्होंने बस इतना कहा कि "गठबंधन में कुछ मुद्दों को लेकर विमर्श जरूरी था। उसी के लिए शाह से मुलाकात की गई। अब उम्मीद है कि आगे कोई कठिनाई नहीं आएगी और एनडीए की सरकार बनेगी। सभी घटक दल इसके लिए तैयार हैं।"

महुआ सीट को लेकर उपेंद्र कुशवाहा और चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के बीच गतिरोध चल रहा था। बीजेपी ने यह सीट चिराग पासवान की पार्टी को दे दी थी, लेकिन कुशवाहा इस पर अड़े हुए थे और सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे थे। उन्होंने नामांकन प्रक्रिया से दूर रहने का भी ऐलान किया था। इसी असहमति को सुलझाने के लिए बीजेपी ने उन्हें दिल्ली बुलाया और बातचीत के जरिए समाधान निकाला।